“मिशन शक्ति” अभियान फेज-5 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए जागरूकता अभियान
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मीरजापुर: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे “मिशन शक्ति” अभियान फेज-5 के तहत जनपद में पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में महिला बीट आरक्षी/एंटी रोमियो टीम ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
विभिन्न योजनाओं और कानूनी प्रावधानों पर चर्चा
अभियान के तहत, पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केन्द्र योजना जैसी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। इसके साथ ही, महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, साइबर अपराधों, डिजिटल अरेस्ट और महिलाओं से संबंधित कानूनों के बारे में भी बताया गया।
साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी
अभियान के दौरान, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, और अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया।
बाल विवाह और महिला उत्पीड़न के खिलाफ जागरूकता
इस अभियान के अंतर्गत, बाल विवाह, बालश्रम और महिला उत्पीड़न रोकने के लिए पुलिस की कार्यवाही पर भी प्रकाश डाला गया। बच्चों को गुडटच-बैडटच के बारे में जानकारी दी गई और किसी भी समस्या को पुलिस या अभिभावकों के साथ साझा करने की सलाह दी गई।