मौजूदा ट्रेन सेवाओं को बदले बिना वंदे भारत की शुरुआत की गई : रेल मंत्री वैष्णव

नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय रेलवे ने मौजूदा ट्रेनों को बदले बिना नयी वंदे भारत ट्रेनों को शुरू किया है। वैष्णव ने अन्नाद्रमुक सांसद सी. वी. षणमुगम के एक प्रश्न के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।

वैष्णव ने कहा, ‘‘29 जुलाई, 2024 तक, भारतीय रेलवे में 102 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं चल रही हैं, जो ब्रॉड गेज (बी.जी.) विद्युतीकृत नेटवर्क वाले राज्यों को जोड़ती हैं। ये ट्रेनें वर्तमान में 760 किलोमीटर की दूरी तक संचालित की जा रही हैं।’’

सी. वी. षणमुगम ने पूछा था कि क्या वंदे भारत ट्रेनें राजधानी और अन्य सुपर फास्ट ट्रेनों की जगह लेंगी? रेल मंत्री ने कहा ‘‘नयी वंदे भारत सेवाओं को, मौजूदा ट्रेन सेवाओं को बदले बिना शुरू किया गया है।’’

‘रेलवे ने माताओं की यात्रा आसान बनाने के लिए बेबी बर्थ का एक प्रयोग किया’
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारतीय रेलवे ने शिशुओं के साथ माताओं की यात्रा को आसान बनाने के लिए लखनऊ मेल में प्रायोगिक तौर पर दो बेबी बर्थ उपलब्ध कराए हैं।

वैष्णव ने राज्यसभा को एक पूरक प्रश्न के लिखित जवाब में बताया ‘‘माताओं की अपने शिशुओं के साथ यात्रा को आसान बनाने के लिए, ट्रेन संख्या 12229/30 लखनऊ मेल के एक डिब्बे में दो निचली बर्थ के साथ दो बेबी बर्थ प्रायोगिक परीक्षण के आधार पर उपलब्ध कराई गई हैं।’’

भाजपा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी ने पूछा था कि क्या सरकार ट्रेन के डिब्बों में बेबी बर्थ सीटें लगाने पर विचार कर रही है।

वैष्णव ने कहा ‘‘यात्रियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और उन्होंने इस प्रयास की सराहना की। हालांकि, इसकी वजह से सीट के नीचे सामान रखने की जगह और सीटों के बीच पैर रखने की जगह सीमित हो जाने के कारण यात्रियों को असुविधा हुई।’’ उन्होंने कहा कि यात्री डिब्बों में सुधार और उन्नयन रेलवे की सतत प्रक्रिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.