यातायात माह नवम्बर-2024 का शुभारंभ: रामपुर में पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने दिलाई यातायात नियमों की शपथ, जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
रामपुर: 1 नवम्बर 2024 को जनपद रामपुर में “यातायात माह” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अम्बेडकर पार्क में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छात्रों, शिक्षकों और अन्य नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी और सभी को यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रशिक्षणाधीन क्षेत्राधिकारी, यातायात निरीक्षक, महिला पुलिसकर्मी, होमगार्ड जवान, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स और यातायात वॉलंटियर्स ने भाग लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सड़क सुरक्षा के नियमों जैसे हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट का उपयोग, धीमी गति में वाहन चलाना, नशे में वाहन न चलाना, बाएं चलना, चौराहे पर ध्यान देकर आगे बढ़ना और जेब्रा लाइन का उपयोग जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता बताई, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
इसके बाद, पुलिस अधीक्षक ने अम्बेडकर पार्क से “यातायात जागरूकता रैली” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
दीपावली का उत्सव: पुलिस अधीक्षक और उनकी धर्मपत्नी ने पुलिस लाइन में मनाई दीपावली
31 अक्टूबर 2024 को पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र और उनकी धर्मपत्नी ने रिजर्व पुलिस लाइन में निवास कर रहे परिवारों और बच्चों के साथ दीपावली का उत्सव धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर पुलिस परिवारों, बच्चों और कर्मचारियों को मिष्ठान, पटाखे और उपहार वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रशिक्षणाधीन उपाधीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हुए, जिसने इस उत्सव में चार चांद लगा दिए।