चुनाव के अगले दिन घोषित होंगे इनके प्रत्याशी… कांग्रेस की फर्जी लिस्ट पर बीजेपी ने ली चुटकी

हरियाणा में कांग्रेस अभी तक अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं कर पाई है। इसी बीच सोमवार को कांग्रेस उम्मीदवारों की एक फर्जी लिस्ट वायरल हो गई। बीजेपी ने कांग्रेस की इस फर्जी लिस्ट पर चुटकी ली है।

फरीदाबाद: हरियाणा में कांग्रेस प्रत्याशियों की असली सूची तो अब तक जारी नहीं कर सकी, लेकिन सोमवार को फर्जी लिस्ट वायरल हो गई। इसमें फरीदाबाद से पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप को प्रत्याशी बताया गया। रविवार को एक लोकल चैलन ने करण सिंह दलाल को प्रत्याशी घोषित करने की खबर चला दी। ऐसे में कार्यकर्ताओं से लेकर आम लोग भी कन्फ्यूज हो रहे हैं। कांग्रेस ने लिस्ट को फर्जी बताते हुए जांच की बात कही है। बीजेपी ने चुटकी लेते हुए कहा है कि कांग्रेस की सूची चुनाव के अगले दिन 26 मई को जारी होगी।
सोमवार को फर्जी लिस्ट में हरियाणा में कांग्रेस के हिस्से की सभी नौ सीटों पर प्रत्याशियों के नाम दिए गए। फरीदाबद से पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह को प्रत्याशी बताया गया तो गुड़गांव से राज बब्बर का नाम दिया गया। भिवानी महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह, रोहतक से आशा हुड्डा, सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी, करनाल से वीरेंद्र मराठा, हिसार से ब्रिजेंद्र सिंह, सिरसा से कुमारी सेलजा और अंबाला से वरुण मुलाना को प्रत्याशी बताया गया। इसे लेकर कांग्रेस में हलचल मच गई। नेताओं व समर्थकों ने पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह को बधाई देनी शुरू कर दी। महेंद्र प्रताप सिंह ने इस सूची को फर्जी करार दिया। बाद में प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने भी सूची को फर्जी करार दिया और इसे जारी करने वालों की जांच कर कार्रवाई की बात कही। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि हरियाणा कमिटी की तरफ से सूची फाइनल कर केंद्रीय समिति को दी जा चुकी है। अब केंद्रीय समिति को तय करना है कि सूची कब जारी होगी।

BJP ने ली चुटकी, चुनाव के अगले दिन घोषित होंगे कांग्रेस के प्रत्याशी
कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशियों की लिस्ट में देरी पर बीजेपी ने चुटकी ली है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बिजेंद्र नेहरा ने कहा है कि कांग्रेस की लिस्ट चुनाव के अगले दिन यानी 25 मई को जारी होगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में कोई बड़ा नेता चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है। जिस नेता से कहते हैं कि चुनाव लड़ लो, वह नाम वापस ले लेता है। बीजेपी की मजबूती से कांग्रेसियों की पिंडली कांप रही। पूर्व मुख्यमंत्री खुद चुनाव लड़ने से मना कर चुके हैं। वह दूरबीन लेकर प्रत्याशी खोज रहे हैं, लेकिन कोई मिल नहीं रहा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नितिन सिंगला ने कहा है कि पार्टी के 362 नेताओं ने चुनाव लड़ने का आवेदन किया है। हर लोकसभा सीट पर कई-कई दावेदार हैं। बीजेपी के पास खुद के प्रत्याशी नहीं है, लिहाजा 10 में से छह सीटों पर पूर्व कांग्रेसियों को टिकट दे दिए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.