राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्कूल चलो अभियान और संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ

स्कूली बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित, जागरूकता रैली का आयोजन

रामपुर: कृषि एवं कृषि शिक्षा राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी नन्द किशोर कलाल एवं जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी हरीश गंगवार की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट परिसर से गांधी समाधि तक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली के साथ ही स्कूल चलो अभियान और संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली से प्रदेश स्तर पर स्कूल चलो अभियान और संचारी रोगों पर अंकुश लगाए जाने हेतु संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया। कलेक्ट्रेट सभागार में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जहां राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।

स्कूली बच्चों को पाठ्य पुस्तकों का वितरण
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के बच्चों को नवीन शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया।

जागरूकता रैली में बच्चों ने दिए नारे
रैली के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आये बच्चों ने स्कूल चलो अभियान से संबंधित नारे लगाए। “हम बच्चों का नारा है, शिक्षा अधिकार हमारा है”, “हर घर में दीप जलेगा, हर बच्चा स्कूल चलेगा”, “एक दो तीन चार, साक्षरता की जय जयकार”, “शिक्षा ऐसी सीढ़ी है जिससे चलती पीढ़ी के साथ सभी को स्कूल में नामांकन के लिए प्रेरित करते रहे” जैसे नारे बच्चों ने पूरे उत्साह से लगाए।

संचारी रोग नियंत्रण अभियान की जानकारी
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का प्रथम चरण 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 तक आयोजित किया जाएगा, जबकि दस्तक अभियान 10 से 30 अप्रैल 2025 तक चलेगा। इस दौरान समस्त संबंधित विभागों द्वारा कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, पशुपालकों का संवेदीकरण आदि कार्य किए जाएंगे।

दस्तक अभियान का उद्देश्य
डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्री घर-घर भ्रमण करेंगी और क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्तियों, कुपोषित बच्चों की जानकारी एकत्र करेंगी, साथ ही घर के प्रत्येक सदस्य की आभा आईडी बनाने का कार्य भी किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नीलम टम्टा, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र जायसवाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.