प्रधानमंत्री जी ने देश में एक नई खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री ने प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 (हैण्डबॉल/बास्केटबॉल) का शुभारम्भ किया
सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करने के लिए हमें स्वस्थ भारत चाहिए, स्वस्थ भारत के लिए खेलकूद की गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक
प्रतियोगिता में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों व राज्य पुलिस बलों की 75 टीमें व 1,341 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे, इनमें 336 महिला खिलाड़ी शामिल
प्रतिभागी टीमें ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार कर रहीं
विगत 05 वर्षों में 500 से अधिक खिलाड़ियों को उ0प्र0 पुलिस बल का हिस्सा बनाया
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करने के लिए हमें स्वस्थ भारत चाहिए और स्वस्थ भारत के लिए खेलकूद की गतिविधियों को प्रत्येक स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। इसीलिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश में एक नई खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया है। खेलो इण्डिया, फिट इण्डिया मूवमेण्ट या देश में प्रत्येक जनपद में खोले गए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इण्डिया के सेण्टर इस बात के उदाहरण हैं। इसके दृष्टिगत प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किया जा रहा है, जिसमें केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों की 75 टीमें सहभागी बन रही है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां शहीद चन्द्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल, 35वीं वाहिनी पी0ए0सी0 में आयोजित प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 (हैण्डबॉल/बास्केटबॉल) का उद्घाटन करने के बाद इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतिभागी टीमों द्वारा मार्चपास्ट किया गया। मुख्यमंत्री जी ने उनका मान-प्रणाम स्वीकार किया। महिला आरक्षी सुश्री बरखा सोनकर ने मुख्यमंत्री जी को मशाल सौंपी। मुख्यमंत्री जी द्वारा मशाल आरक्षी श्री विक्रान्त सिंह को सौंपी गयी। मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर एक स्मारिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खेल व खेलकूद की गतिविधियां प्राचीनकाल से ही भारत के जीवन का हिस्सा रही हैं। भारतीय मनीषा ने कहा है कि ‘शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम्’ अर्थात धर्म के जितने भी साधन है, उनकी पूर्ति एक स्वस्थ शरीर से ही सम्भव है। स्वस्थ शरीर में ही एक स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज से अगले 04 दिनों तक प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 का आयोजन प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किया जा रहा है। इसमें केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों व राज्य पुलिस बलों से जुड़ी 75 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। कुल 1,341 खिलाड़ी इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें 336 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री जी ने क्लस्टर प्रतियोगिता के उत्तर प्रदेश में आयोजन करने के लिए प्रधानमंत्री जी तथा केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह खेल के महाकुम्भ जैसा है। सुदूर मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों की टीमें इस आयोजन का हिस्सा बन रही हैं और इसे एक नई ऊँचाई तक पहुंचाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार कर रही हैं। खेल और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए देश ने एक नई खेल संस्कृति को आगे बढ़ाया है। इसी का परिणाम है कि आज खेलकूद भी व्यक्ति के जीवन को सजाने और संवारने का एक माध्यम बन रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने खेल नीति-2023 लागू की है। हमने विगत 05 वर्षों के दौरान अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदार बने और मेडल प्राप्त करने वाले 500 से अधिक खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाया है। इससे उत्तर प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए समाज के अलग-अलग तबकों में नया प्रोत्साहन देखने को मिल रहा है। अलग-अलग विभागों के माध्यम से भी खिलाड़ियों के लिए विशेष प्राविधान किए गए हैं। खेलकूद की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 65,000 से अधिक युवक मंगल दल एवं महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स तथा वर्ल्ड चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले अनेक खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस बल और अन्य विभागों में नियुक्ति प्रदान की गई है। इन खिलाड़ियों में हॉकी खिलाड़ी श्री ललित कुमार उपाध्याय, क्रिकेट खिलाड़ी सुश्री दीप्ति शर्मा, एथलेटिक्स खिलाड़ी सुश्री पारुल चौधरी, शूटिंग खिलाड़ी श्री अखिल श्योराण, कबड्डी खिलाड़ी श्री अर्जुन देशवाल शामिल हैं। इन्हें हमने सीधे डिप्टी एस0पी0 का पद देकर उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जूडो खिलाड़ी श्री विजय कुमार यादव तथा कुश्ती खिलाड़ी सुश्री दिव्या काकरान को नायब तहसीलदार, कैनो स्प्रिंट खिलाड़ी श्री अर्जुन सिंह को यात्रीकर अधिकारी, एथलेटिक्स खिलाड़ी सुश्री प्राची एवं रोइंग खिलाड़ी श्री पुनीत कुमार को जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल अधिकारी के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। हॉकी खिलाड़ी श्री राज कुमार पाल की पुलिस उपाधीक्षक के पद पर नियुक्ति की कार्यवाही वर्तमान में प्रचलित है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 84 स्टेडियम, 67 बहुउद्देशीय हॉल, 15 सिन्थेटिक हॉकी स्टेडियम, 02 अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, 13 कुश्ती हॉल, 38 तरणताल, 47 अत्याधुनिक जिम सेण्टर, 20 सिन्थेटिक टेनिस कोर्ट, 16 छात्रावास भवन, 08 शूटिंग रेंज, 14 सिन्थेटिक बास्केट बॉल कोर्ट, 04 सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, 02 जूडो हॉल, 12 वेटलिफ्टिंग हॉल, 02 इण्डोर वॉलीबॉल हॉल तथा 19 डॉरमेट्री आदि खेल अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया गया है। वर्तमान में प्रदेश के 18 जनपदां में खेल विभाग द्वारा संचालित 44 स्पोर्ट्स हॉस्टल में 16 खेलों के 740 खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में 03 स्पोर्ट्स कॉलेज-लखनऊ, गोरखपुर तथा इटावा में संचालित हैं, जिनमें खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ कुशल प्रशिक्षकों की तैनाती की गई है। गुरु गोबिन्द सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ के मेजर ध्यान चन्द हॉकी स्टेडियम में अन्तरराष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रोटर्फ लगाया गया है तथा फ्लड लाइट की व्यवस्था भी की गयी है। स्पोर्ट्स कॉलेजों तथा स्पोर्ट्स हॉस्टलों के खिलाड़ियों की प्रतिदिन की डाइट मनी बढ़ाने का कार्य किया गया है। स्पोर्ट्स हॉस्टलों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण के लिए 50 अन्तरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को 01 लाख 50 हजार रुपये प्रतिमाह के मानदेय पर नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वाराणसी में प्रदेश के तीसरे अन्तरराष्ट्रीय किक्रेट स्टेडियम का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। वाराणसी के सिगरा में डॉ0 सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में 287 करोड़ रुपये की लागत से अन्तरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नए इण्डोर स्टेडियम का निर्माण किया गया है। इसमें बैडमिण्टन, बास्केटबॉल, स्विमिंग, स्नूकर सहित 20 से अधिक इण्डोर खेलां की सुविधाएं प्रदान की गई हैं। उत्तर प्रदेश के जनपद मेरठ में मेजर ध्यानचन्द स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय की स्थापना का कार्य वर्तमान में युद्धस्तर पर चल रहा है। इस विश्वविद्यालय का पहला सत्र इसी वर्ष से प्रारम्भ होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम प्रदेश के प्रत्येक जनपद में भारत सरकार के सहयोग से ‘एक जनपद एक खेल योजना’ के अन्तर्गत खेलो इण्डिया सेण्टर की स्थापना के कार्यक्रम को युद्धस्तर पर आगे बढ़ा रहे हैं। अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार, मेजर ध्यानचन्द पुरस्कार, खेल रत्न पुरस्कार व खेल के क्षेत्र में पद्म पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार 20,000 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान करती है। राज्य सरकार द्वारा वृद्ध, अशक्त एवं विपदाग्रस्त राज्य स्तर के पूर्व खिलाड़ियों को 4,000 रुपये, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 6,000 रुपये तथा अन्तरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 10,000 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश का सर्वोच्च पुरस्कार-‘लक्ष्मण पुरस्कार’ (पुरुष वर्ग) में एवं ‘रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार’ (महिला वर्ग) में प्रदान किया जाता है। पुरुष खिलाड़ियों को लक्ष्मण जी की कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति-पत्र एवं 03 लाख 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि तथा महिला खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई की कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति-पत्र तथा 03 लाख 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं जैसे-ओलम्पिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड चैम्पियनशिप तथा एशियन गेम्स में प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करने की भी व्यवस्था है। जिसमें ओलम्पिक गेम्स (एकल वर्ग) में प्रदेश के खिलाड़ी को स्वर्ण पदक पर 06 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 04 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक जीतने पर 02 करोड़ रुपये के पुरस्कार की व्यवस्था राज्य सरकार करती है। ओलम्पिक गेम्स (टीम गेम्स) में स्वर्ण पदक पर 03 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 02 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक जीतने पर 01 करोड़ रुपये का पुरस्कार राज्य सरकार प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक पर 03 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 1.50 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक जीतने पर 75 लाख रुपये का पुरस्कार तथा कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक पर 1.50 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 75 लाख रुपये तथा कांस्य पदक जीतने पर 50 लाख रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया जाता है। ओलम्पिक गेम्स में प्रदेश के प्रतिभागी खिलाड़ियों को 10-10 लाख रुपये तथा कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स एवं वर्ल्ड चैम्पियनशिप में प्रदेश के प्रतिभागी खिलाड़ियों को 05-05 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान करने की व्यवस्था है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश पुलिस बल एक नए तेज के साथ कार्य करता दिखायी दे रहा है। प्रत्येक पुलिस लाइन में पुलिस बल के लिए अत्याधुनिक अवस्थापना सुविधाएं विकसित की गई हैं। हर थाने में उनके रहने के लिए आधुनिक बैरक बनाए गए हैं। वर्तमान में हर जनपद की सबसे हाईराइज़ बिल्डिंग उत्तर प्रदेश पुलिस बल की अवस्थापना सुविधाओं की है। प्रदेश में अब तक 02 लाख 10 हजार से अधिक पुलिस कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न की जा चुकी है। प्रदेश में कुशल खिलाड़ियों की भर्ती एवं प्रोन्नति के नियमों को बहुत आसान किया गया है।
आज उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 वाहिनियों के अनुशासित वातावरण में रहकर हमारे खिलाड़ी उत्तम प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें, इसके लिए हमारी सरकार द्वारा 35वीं वाहिनी पी0ए0सी0 लखनऊ में एस्ट्रोटर्फ सिन्थेटिक एथलेटिक्स ग्राउण्ड का पुनर्निर्माण कराया गया है। 35वीं वाहिनी पी0ए0सी0 लखनऊ में ही 150 खिलाड़ियों हेतु स्पोर्ट्स हॉस्टल का निर्माण कराया गया है। 10वीं वाहिनी पी0ए0सी0, बाराबंकी में एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउण्ड का निर्माण कराया गया है। 10वीं वाहिनी पी0ए0सी0, बाराबंकी में ही 150 खिलाड़ियों हेतु स्पोर्ट्स हॉस्टल का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रचलित है। पी0ए0सी0, गाजियाबाद में इण्डोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है। 47वीं वाहिनी पी0ए0सी0, गाजियाबाद में कबड्डी ग्राउण्ड व टीन शेड का निर्माण कराया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कण्ट्रोल बोर्ड को खिलाड़ियों के खेल विकास हेतु 10 करोड़ रुपये उपलब्ध कराये जाने की घोषणा की गयी है। वर्तमान में इस पर कार्य चल रहा है। अवस्थापना सुविधाओं के विकास, स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ाए जाने, स्पोर्ट्स कोटे के तहत विशेष भर्तियां करने और विशेष प्रोत्साहन का असर उत्तर प्रदेश पुलिस बल की कार्य पद्धति में भी देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम यहां अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता का मिनी कुम्भ आयोजित होते हुए देख रहे हैं। इस वर्ष 13 जनवरी से 26 फरवरी तक देश व दुनिया ने प्रयागराज की धरती पर महाकुम्भ-2025 के दर्शन किए। 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु महाकुम्भ का हिस्सा बने। सभी ने उत्तर प्रदेश पुलिस बल के व्यवहार और कार्यकुशलता की मुक्तकण्ठ से सराहना की।
पुलिस महानिदेशक श्री प्रशान्त कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने खेलों में विशेष पहचान बनायी है। उन्होंने इस अवसर को विशेष बना दिया है। यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 (हैण्डबॉल/बास्केटबॉल) का आयोजन 07 से 11 अप्रैल, 2025 तक लखनऊ में किया जा रहा है। यह केवल खेल नहीं है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का प्रदर्शन भी है।
इस अवसर पर मत्स्य मंत्री संजय निषाद, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, ए0डी0जी0 पी0ए0सी0 श्री सुजीत पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं विभिन्न राज्यों के विभिन्न पुलिस बलों के प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित थे।