प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नुमाइश ग्राउंड में आयोजित 3 दिवसीय कार्यक्रम का जिले के प्रभारी मंत्री ने किया शुभारंभ
प्रदेश सरकार की 8 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रगति पुस्तिका का किया विमोचन।
रामपुर: उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रामपुर शहर स्थित नुमाइश ग्राउंड परिसर में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता विभाग/प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने जनपद के जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, विधायक रामपुर शहर आकाश सक्सेना और विधायक मिलक-शाहबाद राजबाला सिंह के साथ पहुंचकर शुभारंभ किया।
राज्य मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार की 8 वर्षों के विकास कार्यों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के विकास कार्यों एवं महाकुंभ के भव्य आयोजन पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
तत्पश्चात विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई 8 वर्षों की प्रगति पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और प्रत्येक विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर उनकी विभागीय योजनाओं की प्रगति के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आज प्रदेश खुशहाल स्थिति में है। बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकाल कर उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। आज महिलाएं और युवा सभी खुशहाल हैं। बेरोजगारी दर जो कभी 19 प्रतिशत तक पहुंच गई थी आज घटकर मात्र तीन प्रतिशत रह गई है। युवाओं और महिलाओं को सम्मान मिल रहा है। किसानों को उनके अनाज का उचित दाम मिल रहा है। हर गरीब परिवार को उसकी पात्रता के अनुरूप प्रत्येक योजना का लाभ पूरी पारदर्शी प्रक्रिया के साथ प्रदान करने का कार्य प्रदेश सरकार द्वारा बिना किसी भेदभाव के किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने वैश्विक स्तर पर कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है वहीं उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है विकास के पथ पर अग्रसर उत्तर प्रदेश सातवें पायदान से तीसरे पायदान पर आ चुका है और जल्द ही प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ते हुए पहले पायदान पर स्थापित होगा।
उन्होंने जनपद रामपुर की जनता और जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि रामपुर प्रगति की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है। यहां बड़े महानगरों की तरह ही टाउनशिप जैसी बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ होने जा रहा है।
सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। इसी का परिणाम है कि पराली प्रबंधन, फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, टेलीमेडिसिन कंसलटेंसी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री आवास योजना, अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण एवं संचालन और टीबी उन्मूलन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में जनपद प्रथम स्थान पर रहा है।
इसके साथ ही जनपद में भाखड़ा बियर के स्थान पर स्वचालित गेटों का निर्माण कराया जा रहा है जो प्रदेश में पहला प्रोजेक्ट है।
उन्होंने पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा 8 वर्षों के दौरान कराए गए अभूतपूर्व कार्य एवं उपलब्धियां के साथ-साथ केंद्र सरकार के 10 वर्षों की उपलब्धियां के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
रामपुर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि वर्ष 2017 में योगी जी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था सहित सभी विभागों में सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं। रामपुर में आज सभी विद्यालय निपुण श्रेणी में हैं और मेधावी बच्चों को बेहतर शिक्षा का माहौल दिया जा रहा है।
विधायक मिलक राजबाला सिंह ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान दिलाने के लिए प्रदेश सरकार ने अनेक महत्वाकांक्षी कदम उठाए हैं। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए भी विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
आज प्रत्येक वर्ग को उन्नति के लिए समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाकुंभ का आयोजन प्रदेश सरकार के नेतृत्व में ऐतिहासिक रहा है।
जिलाधिकारी श्री जोगिंदर सिंह ने कहा कि जनपद में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकार की प्रत्येक योजना को समयबद्ध और पात्रता के अनुसार प्रभावी बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान राज्य मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने 2 बच्चों का अन्नप्राशन कराया, 6 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया, 5 दिव्यांग जनों को ट्राई साइकिल एवं 2 दिव्यांग जनों को ह्वील चेयर प्रदान की। इसके साथ ही कृषि विभाग के अंतर्गत 02 प्रगतिशील किसानों को ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की गई। इसके बाद प्रभारी मंत्री रामपुर शहर में पनवड़िया स्थित नवाब जुल्फिकार अली स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स में चल रहे स्टेट आमंत्रण सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता में पहुंचे और टीम से परिचय प्राप्त करके स्टिक से हिट मारकर उद्घाटन किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल, जिला अध्यक्ष भाजपा हरीश गंगवार और जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मोहनलाल सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण एवं अधिकारी गण मौजूद रहे।