अहिंसा दिवस के रूप में मनाया गया भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव, शहर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा

रामपुर। भगवान महावीर स्वामी जी का जन्मोत्सव अहिंसा दिवस के रूप में मनाया गया। यह आयोजन शहर के दो प्रमुख जैन मंदिरों, श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर और श्री आदिनाथ मंदिर में हुआ। भगवान महावीर जयंती पर शहर में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के माध्यम से जियो और जीने दो का संदेश दिया। जैन मंदिरों में पारंपरिक विधान से पूजन अर्चन किया गया।
बृहस्पतिवार की सुबह से ही भगवान महावीर की जयंती की धूम शुरू हो गई थी। दिन निकलते ही सिविल लाइंस स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर और फूटा महल स्थित श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर से जैन समाज के लोगों ने प्रभातफेरी निकालकर जियो और जीने दो और जीवों पर दया करने करने का संदेश दिया।
प्रभातफेरियों के निकलने के बाद सिविल लाइंस स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से भगवान महावीर की रथयात्रा निकालने की तैयारियां शुरू हो गई थीं। सुबह करीब 10 बजे विधि-विधान से पूजा अर्चना के बाद रथयात्रा शुरू हुई। रथ पर खवासी बने पुलकित जैन श्रीजी की प्रतिमा लेकर बैठे थे। सारथी बने समीर जैन, कुंबेर बने संचित जैन भी पर सवार थे।

जबकि तुषार जैन, प्रतीक जैन, आदि जैन और लक्ष्य जैन इंद्र बने थे। श्रद्घालु नंगे पांव रथ को हाथों ने खींच रहे थे। रथ को खींचने की होड़ मची थी। जबकि, इंद्राणी बनीं डॉक्टर शीनू जैन शोभायात्रा के आगे-आगे नंगे पांव कलश सिर पर धारण किए हुए महिलाओं के साथ चल रही थीं। रथ यात्रा में शामिल जैन समाज के लोग अहिंसा का संदेश देते हुए चल रहे थे।बैंड द्वारा जैन धर्म के गीतों और भजनों की धुन बजाई जा रही थी।
रथ यात्रा सिविल लाइंस स्थित आदिनाथ जैन मंदिर से शुरु होकर शौकत अली मार्ग, शाहबाद गेट, हाथीखाना चौराहा, कोतवाली होते हुए फूटा महल स्थित श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर पहुंची। यहां 108 कलशों के साथ भगवान का अभिषेक कर पूजा अर्चना की गई। यह आयोजन शहर के जैन समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक अवसर था।
इस मौके पर दिनेश जैन खंडेलवाल, प्रदीप जैन, प्रमोद कुमार जैन, डॉक्टर ज्ञानेंद्र कुमार जैन, संजोग जैन, लीना जैन, नितिन जैन, डॉक्टर रूकमणि जैन, अंजू जैन, शशि जैन, अनुराग जैन, दिनेश जैन सेठी, राहुल जैन, रजत राज जैन, मनोज जैन, आशीष जैन, आनंद जैन, हंसिका जैन, श्रेया जैन, अन्वी जैन, पूजा जैन, प्रतीक जैन, सुनील कुमार जैन, पूनम जैन, रमेश जैन, अखिलेश जैन, गौरव जैन आदि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.