क्या मूलचंद शर्मा अपनी कुर्सी कायम रख पाएंगे या विपुल गोयल को कोई बड़ी जिम्मेवारी मिल सकती है
हरियाणा चुनाव के नतीजे आने के बाद अब राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बीच मंत्रिमंडल में शामिल होने की दौड़ में तीन विधायक सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरे हैं। इनमें बल्लभगढ़ से तीसरी बार जीत दर्ज करने वाले मूलचंद शर्मा फरीदाबाद से दूसरी बार विधायक बने विपुल गोयल और तिगांव से दूसरी बार चुनाव जीतने वाले राजेश नागर शामिल हैं।
विधानसभा के परिणाम आने के बाद अब प्रदेश सरकार का मंत्रिमंडल का गठन होना है। मंत्री के रूप में जगह पाने वाले वालों की दौड़ में तीन विधायक सबसे ज्यादा मजबूत दावेदार दिखाई दे रहे हैं। मंत्री किस विधायक को बनाया जाना है यह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का अधिकार है।
ऐतिहासिक नगरी से हैट-ट्रिक लगाने वाले विधायक मूलचंद शर्मा पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सरकार के मंत्रिमंडल में कैबिनेट स्तर के परिवहन एवं खनन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मंत्री मंडल में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री रह चुके हैं। वह सरकार के मंत्रिमंडल के वरिष्ठता के क्रम में तीसरे नंबर के मंत्री थे।