रतन टाटा के नाम पर अवार्ड बनाने की मांग
ईश्वर चंद्र और व्यापार मंडल ने रतन टाटा के निधन पर व्यक्त किया शोक, अवार्ड बनाए जाने की मांग की
भारतीय युवा ग्रामीण व शहरी विकास व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ईश्वर चंद्र ने विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ उद्योगपति रतन नवल टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि रतन टाटा जी के निधन की खबर बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उनके जाने से भारत को एक बड़ी क्षति हुई है।
रतन टाटा जी ने देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। व्यापार मंडल ने उनके सम्मान में मौन रखकर श्रद्धांजलि दी और रतन टाटा के नाम पर एक राष्ट्रीय अवार्ड स्थापित करने की मांग की है।
ईश्वर चंद्र ने कहा कि रतन टाटा जी का योगदान अद्वितीय रहा है और उनके सम्मान में ‘रतन टाटा अवार्ड’ की स्थापना होनी चाहिए, जिससे उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जा सके। उन्होंने भारत सरकार से इस मांग को जल्द पूरा करने की अपील की।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के मोदीनगर विधानसभा अध्यक्ष अमित अग्रवाल, सचिव विकास, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण जैन, निर्वाण फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष नितेश कुमार यादव और कई अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।