मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया भव्य रोड शो, हरियाणा में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार का दावा
जनता का समर्थन भाजपा के साथ, विकास के प्रति भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता
ऐलनाबाद , 22 फरवरी (एम पी भार्गव): भाजपा की मेयर प्रत्याशी सुमन बहमनी के समर्थन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज यमुनानगर में एक भव्य रोड शो का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिल रहा है और निकाय चुनाव में हरियाणा में ट्रिपल इंजन की मजबूत सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देती है और हर वर्ग के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
भव्य रोड शो और मुख्यमंत्री का स्वागत:
रोड शो यमुनानगर के वार्ड नंबर 1 से शुरू हुआ और गौशाला चौक, झंडा चौक, खेड़ा बाजार होते हुए कई प्रमुख चौकों से गुजरा। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री खेड़ा महाराज जी के चरणों में शीश नवाया और आमजन की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इसके बाद रोड शो विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए प्राचीन देवी मंदिर पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री ने माता के दरबार में शीश नवाया और सभी की सुख-समृद्धि की कामना की।
जनता का उत्साह और भाजपा की जीत का विश्वास:
रोड शो के दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया और भाजपा के समर्थन में नारे लगाए। कार्यकर्ताओं और आमजन ने “भारत माता की जय”, “मोदी जिंदाबाद”, “नायब सैनी जिंदाबाद” के नारे लगाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी सभी का अभिवादन किया और भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की।
निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का दावा:
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि रोड शो में दिखा उत्साह और मिल रहा समर्थन भाजपा की जीत को तय करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और विकास कार्यों से जनता संतुष्ट है और निकाय चुनाव में भाजपा को अभूतपूर्व जनसमर्थन मिल रहा है। सैनी ने भरोसा जताया कि भाजपा इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी।
यमुनानगर के विकास के प्रति प्रतिबद्धता:
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यमुनानगर में जब छोटी सरकार बनेगी तो विकास की गति तेज होगी और जिले का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 2 मार्च को लोग भाजपा के कमल के निशान पर वोट करेंगे और यमुनानगर के विकास को गति देंगे।
रोड शो में भाजपा के अन्य नेता भी मौजूद रहे:
इस विशाल रोड शो में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ भाजपा की मेयर प्रत्याशी सुमन बहमनी, कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व नगर निगम मेयर मदन चौहान, भाजपा नेत्री बंतो कटारिया, भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति जौहर, पूर्व चेयरपर्सन रोजी मलिक आनंद, पूर्व चेयरमैन रामनिवास गर्ग, जिला परिषद चेयरमैन रमेश ठसका सहित कई अन्य भाजपा नेता और सभी वार्डों के भाजपा प्रत्याशी मौजूद थे।