चैत्र नवरात्रि 2025 डेट: इस साल कब शुरू होंगे चैत्र नवरात्रि? जानें डेट और शुभ मुहूर्त

नई दिल्ली : हिंदू धर्म में नवरात्रि का विशेष महत्व होता है, और यह 9 दिन मां दुर्गा को समर्पित होते हैं। चैत्र माह में आने वाले नवरात्रि को चैत्र नवरात्रि कहा जाता है, जो चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होते हैं। इस दौरान भक्त 9 दिनों तक मां दुर्गा के 9 विभिन्न स्वरूपों का पूजन करते हैं और उपवास भी रखते हैं। इसके साथ ही घर में सकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए अखंड ज्योति जलाई जाती है।

चैत्र नवरात्रि 2025 कब शुरू होंगे?
चैत्र नवरात्रि हर साल चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होते हैं। इस साल, वैदिक पंचांग के अनुसार यह तिथि 29 मार्च 2025 को शाम 4:27 बजे प्रारंभ होगी और समापन 30 मार्च 2025 को दोपहर 12:49 बजे होगा। इसलिए, उदयातिथि के अनुसार चैत्र नवरात्रि 30 मार्च से शुरू होंगे और 7 अप्रैल को समाप्त होंगे।

कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त
चैत्र नवरात्रि की शुरुआत पहले दिन कलश स्थापना से होती है। इस वर्ष 30 मार्च को कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6:13 बजे से लेकर 10:22 बजे तक रहेगा। अगर इस समय में कलश स्थापना न कर सकें, तो अभिजित मुहूर्त में भी इसे किया जा सकता है, जो दोपहर 12:01 बजे से लेकर 12:50 बजे तक रहेगा। यह भी एक शुभ मुहूर्त माना जाता है।

चैत्र नवरात्रि का धार्मिक महत्व
चैत्र नवरात्रि का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दौरान मां दुर्गा धरती पर भ्रमण करने आती हैं और यदि वे अपने भक्त से प्रसन्न हो जाती हैं, तो उन्हें आशीर्वाद देती हैं। जिन घरों में मां दुर्गा का वास होता है, वहां कभी भी सुख, समृद्धि और धन की कमी नहीं होती। इसलिए, नवरात्रि के 9 दिनों में लोग मां दुर्गा की विधिपूर्वक पूजा करते हैं ताकि उनकी कृपा हमेशा बनी रहे।

डिस्क्लेमर
यहां दी गई सभी जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं। Khabre Junction इसकी पुष्टि नहीं करता है। कृपया इस विषय पर किसी एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.