महिला सशक्तिकरण थीम पर आधारित कार्यक्रम का किया गया आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
सेवा, सुरक्षा और सुशासन के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नुमाइश ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में दूसरे दिन विधान मण्डल दल (विधान परिषद) के मुख्य सचेतक ने किया प्रतिभाग
रामपुर: उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रामपुर शहर स्थित नुमाइश ग्राउण्ड में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय प्रदर्शनी कार्यक्रम/ मेला के अंतर्गत दूसरे दिन नारी सशक्तिकरण थीम पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधान मण्डल दल (विधान परिषद) के मुख्य सचेतक अश्विनी त्यागी ने जनपद के अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ प्रतिभाग किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा, तकनीकी दक्षता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उद्यम को बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 2 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार के लिए 13.35 करोड़ रुपये व 1.51 करोड़ रुपये का चेक दिया गया। एक जनपद-एक उत्पाद हस्तशिल्प कार्य में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए 5 पैचवर्क करने वाली महिलाओं, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रधानाचार्या व उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापिकाओं, 5 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्वास्थ्य विभाग में बेहतरीन कार्य करने वाली 5 एएनएम तथा खेल प्रतियोगिता में प्रदेश स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली 2 छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य सचेतक अश्विनी त्यागी जी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने 8 वर्ष के कार्यकाल में कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनपद रामपुर सहित पूरे प्रदेश के आम जनमानस को लाभान्वित करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के 8 वर्ष व केंद्र सरकार के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सभी जनपदों में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों को प्रदेश सरकार ने आम जनमानस को समर्पित किया है।
केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार ने आम जनमानस व मातृ शक्ति के जीवन स्तर को सुधारने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनायें संचालित की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नगर व ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं को धुएं व चूल्हे पर खाना बनाने से होने वाली बीमारियों और परेशानियों से बचाने के लिए उज्जवला योजना की शुरुआत गई, जिसके माध्यम से महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा व उनके उत्थान को लेकर अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी पात्रों को शौचालय की सुविधा दी गई। जिनके पास अपने आवास नहीं थे, उन्हें पीएम आवास व मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्के मकान दिये गये है।
नि:शुल्क राशन वितरण, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पेयजल परियोजना जैसी अन्य योजनाओं से आमजन को आच्छादित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम जिला प्रशासन द्वारा किया गया है, जो अत्यंत ही सराहनीय है।
महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं के हित में अनेक कार्य कर रही है जो उत्तर प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
प्रदेश की महिलायें शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के अवसर पाकर अधिक सशक्त बन रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी महिलायें अपनी बेटियों को आत्मनिर्भर और शिक्षित बनायें ताकि वह उन्नति के हर क्षेत्र में अपना परचम लहरायें।
जिलाधिकारी जोगिन्दर सिंह ने जनपद रामपुर में विकास के क्षेत्र में किये गये कार्यों से मुख्य अतिथि को अवगत कराया। विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान, फार्मर रजिस्ट्री, आवास योजना, अन्नपूर्णा दुकानों सहित अन्य योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने कहा कि महिला शिक्षित हो, महिला स्वावलंबी हो और महिला सुरक्षित रहे यही हमारा संकल्प है। महिलाओं की सुरक्षा व सेवा के लिए 1090 व यूपी 112 हमेशा तत्पर है। महिलायें सहज भाव से अपनी बात कह सकें, इसके लिए प्रत्येक थाने पर महिला हेल्प डेस्क का गठन किया गया है। वहां महिला पुलिस अधिकारी द्वारा उनकी समस्याओं को सुनकर निस्तारण कराया जाता है। इसके अतिरिक्त महिला सुरक्षादल द्वारा 24 घण्टे सभी थाना क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर महिला सुरक्षा से संबंधित कार्यवाही की जाती है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के तहत महिला पुलिस टीम अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रतिदिन गांव में जाकर महिलाओं से बैठकर बात करती हैं और उनकी समस्याओं को सुनकर उन्हें अपना सहयोग प्रदान करती है।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मोहनलाल सैनी, जिला अध्यक्ष भाजपा हरीश गंगवार, निवर्तमान जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण मौजूद रहे।