इनेलो ने विधानसभा बजट सत्र के लिए जनहित से जुड़े 12 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिए

आदित्य देवीलाल और अर्जुन सिंह चौटाला के द्वारा उठाए गए मुद्दे

ऐलनाबाद,  (एम.पी. भार्गव): 7 मार्च से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) विधायक दल के नेता एवं डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल और रानियां के विधायक अर्जुन सिंह चौटाला लोकहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इसके लिए इनेलो ने विधानसभा के बजट सत्र के लिए प्रक्रिया व कार्य संचालन संबंधी नियमों के तहत कुल 12 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं।

आदित्य देवीलाल के 7 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव

  1. डबवाली शहर में बार-बार ब्लैकआउट:
    आदित्य देवीलाल ने डबवाली शहर में हो रहे बार-बार ब्लैकआउट को लेकर जनमानस से हो रही परेशानियों पर ध्यान आकर्षित किया है।

  2. गांवों/शहरों में गरीबों के लिए कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं:
    उन्होंने गरीब लोगों के लिए काटी गई कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने का मुद्दा उठाया।

  3. परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से आम जनता को हो रही परेशानी:
    पीपीपी से आम जनता को हो रही समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।

  4. प्रदेश में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता:
    उन्होंने प्रदेश में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई।

  5. गन्ने की फसल का रकबा बढ़ाने को लेकर सरकारी मिलों द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए:
    गन्ने की फसल के रकबे को बढ़ाने के लिए सरकारी मिलों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने का मुद्दा उठाया।

  6. गांवों के तालाबों की दूषित स्थिति:
    ग्रामीण इलाकों में गांव के तालाबों में पानी की दूषित स्थिति पर भी सवाल उठाए गए हैं।

  7. सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार:
    सरकारी विभागों में खर्ची पर्ची से हो रहे भ्रष्टाचार और भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों की गतिविधियों पर ध्यान आकर्षित किया।

अर्जुन सिंह चौटाला के 5 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव

  1. प्रदेश में बेरोजगारी और सरकारी भर्तियां:
    अर्जुन सिंह चौटाला ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और सरकारी भर्तियों से जुड़े मुद्दे को उठाया।

  2. प्रदेश में लिंगानुपात में गिरावट:
    उन्होंने प्रदेश में लिंगानुपात में गिरावट की चिंता जताई और इसे सुधारने के लिए कदम उठाने की अपील की।

  3. हरियाणा में खेलों का विकास:
    खेलों के विकास एवं उत्थान के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।

  4. गरीब परिवारों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा:
    उन्होंने गरीब परिवारों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

  5. विदेशों में अवैध तरीके से भेजने की प्रक्रिया:
    अर्जुन सिंह चौटाला ने विदेशों में अवैध तरीके से लोगों को भेजने की प्रक्रिया के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही।

इनेलो ने इन मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया है, ताकि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.