जयपुर: राजस्थान में एसआई भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में पांच और उप निरीक्षक बर्खास्त, अब तक 24 एसआई बर्खास्त

जयपुर: एसआई भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामले में राजस्थान में पांच और उप निरीक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया है। कोटा रेंज आईजी ने तीन उप निरीक्षकों को अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए बर्खास्त किया, जिनमें मालाराम बिश्नोई, चेतन सिंह मीणा और रेणू कुमारी शामिल हैं। इससे पहले भी कोटा रेंज के चार उप निरीक्षकों को बर्खास्त किया जा चुका है, जिनमें डालूराम मीणा, विवेक भांबू, रोहिताश कुमार जाट और नारंगी कुमारी शामिल हैं।

बीकानेर रेंज में बर्खास्तगी: बीकानेर रेंज आईजी ने भी दो उप निरीक्षकों को बर्खास्त किया है। इनमें श्रवण कुमार गोदारा (बीकानेर के बज्जू खालसा) और मंजू बिश्नोई (बाड़मेर के धोरीमन्ना) शामिल हैं। दोनों आरोपियों ने एसआई भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थियों को बैठाकर परीक्षा पास की थी। वर्तमान में दोनों आरोपी जयपुर कारागार में बंद हैं।

अब तक 24 एसआई बर्खास्त: अब तक 24 उप निरीक्षकों को बर्खास्त किया जा चुका है। दो महीने पहले श्रीगंगानगर के करणपाल गोदारा, जगराम, मनीष बेनीवाल, बीकानेर की मंजू बिश्नोई और हनुमानगढ़ की मंजू देवी को निलंबित किया गया था। इसके अलावा जयपुर, उदयपुर और कोटा रेंज के 11 प्रशिक्षु एसआई को भी निलंबित किया गया था।

50 एसआई गिरफ्तार, 40 अन्य गिरफ्तारियां: एसओजी ने एसआई भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में अब तक 50 उप निरीक्षकों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 40 अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पेपर लीक गैंग के सदस्य, डमी अभ्यर्थी और एसआई के परिजन शामिल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.