आप-दा’ मुक्त हुई दिल्ली – बीएल वर्मा
दिल्ली की जनता ने डबल इंजन की सरकार को दिया स्पष्ट बहुमत - राजीव कुमार गुप्ता
बदायूं: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत और यूपी के मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार की विजय पर जनपद बदायूं के भाजपा कार्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया। इस अवसर पर मिष्ठान वितरण कर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और भाजपा की सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं विकासपरक नीतियों की जीत बताया। उन्होंने कहा, “‘आप-दा’ सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार, कुशासन और तुष्टिकरण की सारी सीमाएं पार कर दी थीं। अब दिल्ली उनके झूठ और प्रपंच से मुक्त होकर विकास और प्रतिष्ठा के नए युग में प्रवेश कर रही है। यह जनादेश ‘विकसित दिल्ली-विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करेगा।”
भाजपा नेतृत्व को दी बधाई
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “दिल्ली की जनता ने डबल इंजन की सरकार को स्पष्ट बहुमत देकर यह सिद्ध कर दिया कि वह केवल विकास चाहती है।”
भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत लाई रंग
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत को इस जीत का असली आधार बताया। उन्होंने कहा, “यह विजय भाजपा की नीतियों, संगठन की अटूट मेहनत और जनता के विश्वास की जीत है।”
जश्न में जुटे भाजपा कार्यकर्ता
इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष हरप्रसाद सिंह पटेल, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, डी.सी.एफ. चेयरमैन रविंद्र पाल सिंह, मनोज मसीह, बुद्धपाल सिंह, एमपी सिंह राजपूत, सुधीर श्रीवास्तव, अरुण प्रकाश, अजय मथुरिया, गुलशन प्रताप सिंह समेत कई भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 40 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है। यह दिल्ली में 27 वर्षों बाद भाजपा की सरकार बनने का संकेत है। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) को मात्र 17 सीटों पर संतोष करना पड़ा, जबकि कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि अब दिल्ली में “आप-दा” के कुशासन से मुक्ति मिल गई है और विकास की नई गाथा लिखी जाएगी।