मुख्यमंत्री योगी के सामने पीड़िता की मां ने बताएं अपने दर्द, सीएम ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का दिलाया भरोसा

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में हुए जघन्य गैंगरेप मामले में पीड़िता की मां से मुलाकात की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। यह मामला उस समय प्रकाश में आया जब पता चला कि गैंगरेप का मुख्य आरोपी समाजवादी पार्टी (सपा) का नेता मोइद खान है, जो अवधेश पीसी का करीबी बताया जाता है। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के सदस्यों को विधानसभा में महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा करार दिया।

मुख्य आरोपी मोइद खान की गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस ने सपा के भदरसा नगर अध्यक्ष मोइद खान और उसके सहयोगी राजू खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि मोइद खान ने पहले नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार किया और उसका वीडियो बनाया। इसके बाद वह करीब ढाई महीने तक पीड़िता के साथ घिनौनी हरकतें करता रहा। जब पीड़िता गर्भवती हो गई, तब जाकर यह मामला सामने आया।

पुलिस ने बताई पूरी कहानी
अयोध्या के एसएसपी राजकरन नैयर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मोइद खान ने पीड़िता के साथ बलात्कार किया और इसका वीडियो बनाकर उसे धमकाने लगा। उसने अपनी बेकरी में काम करने वाले राजू खान की मदद से यह सब किया। मामला तब उजागर हुआ जब नाबालिग गर्भवती हो गई और उसके परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता के परिवार की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोइद खान और राजू खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पीड़िता के पिता की मौत
एसएसपी नैयर ने बताया कि पीड़िता के पिता की दो साल पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति खराब है और घर का गुजारा पीड़िता की मां और बहनों की मजदूरी से चलता है। घटना के दिन पीड़िता मजदूरी कर घर लौट रही थी, तभी राजू खान ने उसे मोइद खान से मिलने के लिए बुलाया। वहां मोइद खान ने उसके साथ बलात्कार किया और राजू ने इसका वीडियो बनाया। इसके बाद राजू ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। यह सिलसिला लगातार चलता रहा और पीड़िता के साथ कई बार दुष्कर्म किया गया।

सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने विधानसभा में कहा कि अयोध्या और हरदोई में सपा के नेता अपराधों में लिप्त हैं और यह समाज के लिए एक बड़ा खतरा हैं। उन्होंने अपराध के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि 2016 से 2024 के बीच यूपी में अपराधों में कमी आई है। एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि डकैती में 86.47%, लूट में 78.17%, हत्या में 43.21%, और महिला अपराधों में भी उल्लेखनीय कमी आई है।

महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि यूपी में महिलाओं के प्रति अपराध के मामले में 2017 से 2022 तक बड़ी कमी देखी गई है। दहेज मृत्यु दर में 17.43%, बलात्कार में 25.30%, शीलभंग में 16.56% और अपहरण में 0.17% की कमी आई है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है और लोगों में गुस्सा भरा हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस आश्वासन के बाद उम्मीद है कि आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई होगी और न्याय मिलेगा। पुलिस की तत्परता और सरकार की दृढ़ता से लोगों में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.